संवाददाता/किशनगंज
जिला विधिक सेवा प्राधिकार किशनगंज के तत्वावधान में बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिले भर में सुरक्षित बचपन अभियान चलाया जा रहा है। इस विशेष अभियान के तहत किशनगंज जिले के चिन्हित विभिन्न विद्यालयों में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सभी पैनल अधिवक्ताओं और पारा विधिक स्वयं सेवकों द्वारा प्रतिदिन विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों और किशोर-किशोरियों को उनके मूलभूत कानूनी अधिकारों, बाल संरक्षण कानूनों, बाल विवाह एवं बाल श्रम जैसी कुप्रथाओं की रोकथाम, पॉक्सो एक्ट तथा साइबर सुरक्षा जैसे बेहद महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी जा रही है। इसी कड़ी में सोमवार को नेशनल उच्च विद्यालय में अभियान के पहले दिन आयोजित शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ओम शंकर, न्यायिक दंडाधिकारी द्वितीय श्रेणी अमन कुमार, पैनल अधिवक्ता संगीता मानव, संबंधित विभागों के रिसोर्स पर्सन और पारा विधिक स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
इन्होंने छात्र-छात्राओं को कानून की प्राथमिक जानकारी दी। तथा इस क्रम में मंगलवार को सेंट जेवियर्स इंग्लिश मीडियम स्कूल में आयोजित शिविर में डीएलएसए सचिव ओम शंकर, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी, रोहित सिन्हा, सिविल जज जूनियर डिविजन-1 तृषा रॉय, पैनल अधिवक्ता मधुकर प्रसाद गुप्ता के साथ-साथ विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण, रिसोर्स पर्सन और पारा विधिक स्वयंसेवक शामिल हुए और बच्चों का मार्गदर्शन किया।
बुधवार को बाल मंदिर सीनियर सेकेंड्री विद्यालय के आयोजित शिविर में छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए न्यायिक पदाधिकारियों एवं प्राधिकार के प्रतिनिधियों ने बहुत ही सरल शब्दों में समझाया कि प्रत्येक बच्चे को एक सुरक्षित वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सामाजिक गरिमा तथा किसी भी प्रकार के शोषण व हिंसा से पूरी तरह मुक्ति पाने का संवैधानिक अधिकार प्राप्त है।कार्यक्रम में डीएलएसए सचिव ओम शंकर, सिविल जज जूनियर डिविजन-2 कृति, पैनल अधिवक्ता मधुकर प्रसाद गुप्ता, विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षक आदि मौजूद थे।