बारसोई अनुमंडल अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों व पर्याप्त नर्सिंग स्टाफ की मांग स्वास्थ्य केंद्रों के भवन निर्माण पर भी दिया जोर
बारसोई /कटिहार -बलरामपुर विधानसभा क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं जनोपयोगी बनाने की दिशा में विधायक संगीता देवी बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से मुलाकात कर क्षेत्र की स्वास्थ्य संबंधी प्रमुख समस्याओं एवं आवश्यकताओं को विस्तारपूर्वक उनके समक्ष रखा। मुलाकात के दौरान विधायक ने बलरामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं बारसोई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन निर्माण को प्राथमिकता के साथ कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों के सुदृढ़ भवन एवं आवश्यक आधारभूत संरचना के बिना आम लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना चुनौतीपूर्ण है।
विधायक ने बारसोई अनुमंडल अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की पदस्थापना का मुद्दा भी मजबूती से उठाया। उन्होंने स्त्री रोग विशेषज्ञ शिशु रोग विशेषज्ञ ऑर्थोपेडिक जनरल सर्जन एवं फिजिशियन के साथ-साथ पर्याप्त संख्या में नर्सिंग स्टाफ की पदस्थापना की मांग की।
ताकि अनुमंडल क्षेत्र के मरीजों को गंभीर बीमारियों एवं आपातकालीन परिस्थितियों में बेहतर उपचार स्थानीय स्तर पर ही मिल सके।उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री को विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराते हुए कहा कि ग्रामीण और सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों के लिए सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इसके लिए स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों नर्सिंग कर्मियों और आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए।विधायक संगीता देवी ने कहा कि जनता की स्वास्थ्य सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है।
बलरामपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को इलाज के लिए दूर दराज के क्षेत्रों में भटकना न पड़े और उन्हें अपने क्षेत्र में ही बेहतर चिकित्सा सुविधा मिले। इसके लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। जनसेवा एवं जनहित सर्वोपरि है।विधायक की ओर से स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर उठाए गए इन महत्वपूर्ण मुद्दों से क्षेत्रवासियों में उम्मीद जगी है ।
कि आने वाले समय में बारसोई अनुमंडल अस्पताल समेत बलरामपुर विधानसभा क्षेत्र के स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार और विशेषज्ञ सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी।