अमदाबाद /कटिहार -थाना क्षेत्र के बैदा ग्राम पंचायत के वार्ड संख्या आठ स्थित मालतीपुर गांव में शनिवार सुबह करीब नौ बजे बाढ़ के पानी में डूबने से लगभग दो वर्षीय बच्चे की मौत हो गई।
मृतक की पहचान मालतीपुर गांव निवासी मो. बबलू के पुत्र आयान के रूप में हुई है।परिजनों के अनुसार, बाढ़ का पानी घर के चारों ओर फैला हुआ है।शनिवार सुबह करीब आठ बजे बच्चे की मां खाना बना रही थी।
इसी दौरान आयान घर के पीछे चला गया और बाढ़ के पानी में डूब गया। परिजनों ने उसे पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की। इसके बाद पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।थानाध्यक्ष राजन कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं अंचल पदाधिकारी हिंदुजा भारती ने बताया कि डूबने से दो वर्षीय बच्चे की मौत हुई है। वहीं इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रमुख प्रतिनिधि मो. अजहरुद्दीन, मुखिया प्रतिनिधि जमाल सहित अन्य लोगों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।