सालमारी/कटिहार- श्रावणी मेला के समापन के बाद बाबा गोरखनाथ धाम मंदिर की व्यवस्थाओं और आगामी विकास कार्यों को लेकर न्यास समिति ने मंथन शुरू कर दिया है। मंदिर परिसर में शनिवार को आयोजित बैठक में वर्ष 2026 के श्रावणी मेला के आय-व्यय की समीक्षा के साथ मंदिर के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता न्यास समिति के अध्यक्ष सह एसडीओ राजू कुमार ने की। बैठक में मेला के दौरान मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ और उन्हें उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की समीक्षा की गई। समिति के सदस्यों ने कहा कि बाबा गोरखनाथ धाम में लगातार श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में आने वाले समय में मंदिर परिसर की व्यवस्था को और व्यवस्थित करने की जरूरत है।
बैठक में मेला के दौरान हुई आय तथा विभिन्न मदों में किए गए खर्च का लेखा-जोखा तैयार करने पर भी विचार किया गया। न्यास समिति ने मंदिर परिसर में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने,श्रद्धालुओं के आवागमन को सुविधाजनक बनाने तथा भविष्य में होने वाले निर्माण एवं विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने को लेकर सुझाव रखे। सदस्यों ने कहा कि मंदिर के विकास के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा को भी कार्य योजना में प्रमुख स्थान दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बाबा गोरखनाथ धाम क्षेत्र के लोगों की आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। महाशिवरात्रि एवं श्रावणी मेला के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसलिए मंदिर की व्यवस्थाओं को स्थायी रूप से बेहतर बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करने की आवश्यकता है। मेला के आय-व्यय की समीक्षा के बाद आगामी विकास कार्यों को लेकर आगे की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
बैठक में उपाध्यक्ष अक्षय सिंह, सचिव पिंटू यादव, कोषाध्यक्ष दिलीप सिंह, सीओ अजय कुमार सिंह सहित श्याम अग्रवाल, राधाकांत घोष, विजय भगत, अमित अग्रवाल, कविंद्र प्रसाद, फन्नी सिंह, प्रमोद अग्रवाल, देव नारायण नुनिया, सनी यादव, विजय साह, पिंटू साह, अंकित यादव, राम विलास शर्मा, रामचंद्र शर्मा, पंचानंद यादव, निताई यादव, चंदन यादव सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।