मनिहारी /कटिहार -बाढ़ के पानी से उत्पन्न संकट के बीच शनिवार की दोपहर एक दर्दनाक हादसे में घर के आंगन में फैले पानी में डूबने से दो वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना मनिहारी प्रखंड क्षेत्र के दिलारपुर वार्ड संख्या छह की है। मृतक मासूम की पहचान दो वर्षीय अभिमन्यु के रूप में हुई है। उसके पिता दिलखुश मंडल ने बताया कि शनिवार की दोपहर घर के सदस्य सो रहे थे।
इसी दौरान अभिमन्यु बिस्तर से नीचे उतरकर घर के आंगन में चला गया। आंगन में बाढ़ का पानी फैला हुआ था। खेलने के क्रम में मासूम गहरे पानी में चला गया और डूब गया। पिता ने बताया कि जब बच्चे के डूबने की जानकारी मिली तो परिजनों ने उसे बचाने का प्रयास किया। आनन-फानन में मासूम को उपचार के लिए मनिहारी अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और उसकी सांसें थम चुकी थीं।
घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को अंत्य परीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस मामले से संबंधित आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।इधर घटना की जानकारी मिलने पर अंचल प्रशासन ने भी मामले को गंभीरता से लिया है।
अंचलाधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन के प्रावधानों के तहत पीड़ित परिवार को मिलने वाली सरकारी सहायता यथाशीघ्र उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार फैले पानी के कारण छोटे बच्चों सहित अन्य लोगों के लिए भी खतरा बढ़ गया है। इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है और बाढ़ के पानी के बीच बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।