किशनगंज /प्रतिनिधि
शनिवार को व्यवहार न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रभारी जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री अभय श्रीवास्तव ने लोक अदालत के पीठ सदस्यों एवं पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पक्षकारों के हित को ध्यान में रखते हुए मामलों का निष्पादन नियमानुसार एवं उदारतापूर्वक करें।
वहीं, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव श्री ओम शंकर ने पक्षकारों से शांतिपूर्ण वातावरण में अपने वादों का निष्पादन कराने की अपील की।
मामलों की सुनवाई एवं त्वरित निष्पादन के लिए कुल 6 पीठों का गठन किया गया था, जिनमें न्यायिक एवं गैर-न्यायिक सदस्य (पैनल अधिवक्ता) शामिल थे: 1: श्री मुक्तेश मनोहर (मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, किशनगंज) एवं पैनल अधिवक्ता राज कुमार साह 2: श्रीमती शारदा (अपर मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी, किशनगंज) एवं पैनल अधिवक्ता प्रियंका वर्मा 3: श्री रोहित सिन्हा (अनुमंडल न्यायिक दण्डाधिकारी, किशनगंज) एवं पैनल अधिवक्ता मो० सैयज 4: श्रीमती कृति (सिविल जज, जूनियर डिवीजन-2, किशनगंज) एवं पैनल अधिवक्ता सोनी कुमारी 5: श्रीमती पूनम तिवारी (न्यायिक दण्डाधिकारी प्रथम श्रेणी, किशनगंज) एवं पैनल अधिवक्ता संगीता मानव
वही शहीद अशफाकउल्लाह खां स्टेडियम, खगड़ा में ट्रैफिक चालान से संबंधित मामलों के निष्पादन हेतु पीठ संख्या 06 लगाई गई, जिसमें श्री अमन कुमार (न्यायिक दण्डाधिकारी द्वितीय श्रेणी, किशनगंज) तथा पैनल अधिवक्ता संजय कुमार श्रीवास्तव उपस्थित रहे। राष्ट्रीय लोक अदालत में बड़ी संख्या में पहुंचे पक्षकारों के मामलों का आपसी सहमति से निपटारा किया गया: न्यायालय से जुड़े मामले कुल 346 मामलों का निष्पादन हुआ, जिसमें 246 आपराधिक शमनीय मामले, 97 विद्युत विभाग के मामले, 02 श्रम विवाद और 01 चेक बाउंस का मामला शामिल है। बैंक ऋण एवं वित्त के कुल 643 बैंक ऋण व फाइनेंस मामलों का निपटारा करते हुए 2,20,95,223 रुपये की समझौता राशि तय की गई। टेलीफोन बिल से जुड़े 30 मामलों का निष्पादन कर कुल 55,979 रुपये का समझौता कराया गया।
शहीद अशफाकउल्लाह खां स्टेडियम (खगड़ा) स्थित पीठ संख्या 06 में ट्रैफिक चालान से संबंधित 196 मामलों का निष्पादन किया गया, जिसके तहत कुल 4,73,200 रुपये की राशि प्राप्त हुई । लोक अदालत परिसर में आम लोगों व पक्षकारों की सुविधा के लिए जगह-जगह सहायता केंद्र बनाए गए थे तथा प्रत्येक पीठ में एक-एक ‘अधिकार मित्र’ की प्रतिनियुक्ति की गई थी। आयोजन को सफल बनाने में जिला विधिक सेवा प्राधिकार तथा व्यवहार न्यायालय, किशनगंज के कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। इसके अतरिक्त शहीद अशफाकउल्लाह खां स्टेडियम, खगड़ा में ट्रैफिक चालान से संबंधित मामलों के पक्षकारों के सहायता हेतु सहायता केंद्र में पारा विधिक स्वंय सेवक की प्रतिनियुक्ति की गई थी।