न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

बाढ़ प्रभावितों की सुरक्षा एवं राहत राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता–प्रभारी मंत्री

प्रभारी मंत्री ने की बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के राहत कार्यों की समीक्षा

अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड में रहने का दिया निर्देश

कटिहार–जिले के प्रभारी मंत्री सह बिहार सरकार के भूतत्व एवं खान मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने बाढ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेकर वरीय पदाधिकारियों के साथ राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री ने प्रभावित ग्रहण तथा शहरी क्षेत्रों का बारी बारी से समीक्षा की।

इस दौरान जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने जानकारी दी कि जिले के पांच अंचलों के 58 ग्राम पंचायत के 536 गांव एवं चार नगर पंचायत के 40 वार्डों के 1,35,154 परिवारों की 6 लाख 23 हजार 732 आबादी बाढ से प्रभावित हुईं है।प्रभावित लोगों को भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर 354 सामुदायिक रसोइयों के माध्यम से अब तक 13,98,257 लोगो को भोजन कराया गया है। वहीं प्रभावित परिवारों के बीच 37,836 नग पॉलिथीन शीट्स वितरित किया गया है।

जबकि प्रभावित क्षेत्रों में मानव एवं पशु चिकित्सा के लिए अलग-अलग मेडिकल टीम की तैनाती की गई है।प्रभावित लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने को लेकर चापाकल अधिष्ठापित किया गया है तो स्वास्थ्य विभाग की ओर से हेलोजेन गोली भी लगातार वितरित की जा रही है।वहीं अस्थायी शौचालय का भी अधिष्ठापन कराया गया है।

पशुपालन विभाग की ओर से पशुचारा का भी वितरण किया जा रहा है।जिला पदाधिकारी ने मंत्री को जानकारी देते हुए बताया कि प्रखंडस्तरीय अधिकारी हर स्थिति पर नजर जमाये हुए हैं ।

जबकि जिलास्तरीय पदाधिकारियों द्वारा क्षेत्र में लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं को समझ कर राहत कार्यों की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि लोगों निष्क्रमण एवं सुगम आवागमन को लेकर सरकारी एवं गैर सरकारी 131 नावों एवं दो मोटर बोट का परिचालन कराया जा रहा है।


समीक्षा के दौरान जिले के प्रभारी मंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दास्त नहीं की जायेगी।उन्होंने स्वास्थ्य सेवा और पशुधन सुरक्षा पर जोर देते संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मियों को 24 घंटे अलर्ट मोड में रहकर स्थिति पर लगातार नजर बनाये रखने का निर्देश दिया।


मंत्री डा.चंद्रवंशी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा एवं उन्हें समय पर राहत उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। राहत एवं बचाव कार्यों के लिए बजट अथवा संसाधनों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।

उन्होंने प्रभावित प्रत्येक परिवार तक आवश्यक सहायता समय पर पहुंचाने तथा खासकर दूरस्थ एवं जलमग्न क्षेत्रों में राहत कार्यों को और प्रभावी बनाये जाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को सूखा राशन एवं अन्य आवश्यक राहत सामग्री भी प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने बाढ़ एवं बचाव कार्यों में तत्परता बरते जाने का निर्देश दिया।बैठक में पूर्व उप मुख्यमंत्री सह विधायक तारकिशोर प्रसाद, विजय सिंह, दुलाल गोस्वामी, विधान पार्षद अशोक अग्रवाल, डीडीसी नेहा कुमारी, एसपी परिचय कुमार, एसडीओ सूरज कुमार,एडीएम आपदा फिरोज अख्तर सहित आपदा से जुड़े संबंधित संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।

Share this news

Leave a Comment