विजय कुमार साह /टेढ़ागाछ
प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत धवेली पंचायत के कमाती स्थित बेसिक एजुकेशन पब्लिक स्कूल में शनिवार को 12वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, किशनगंज की सीमा चौकी पैकटोला के राहत एवं बचाव दल ने छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों के साथ महत्वपूर्ण चर्चा की। कार्यक्रम के दौरान छात्रों की सुरक्षा, आपदा प्रबंधन तथा आपात स्थिति में बचाव एवं राहत कार्य को लेकर जागरूक किया गया।
राहत एवं बचाव दल के जवानों ने विद्यालय के प्रधानाचार्य सरवर आलम से मुलाकात कर विद्यालय में विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार- विमर्श किया।
जवानों ने छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को आपदा या किसी भी विपरीत परिस्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता और सूझबूझ से काम लेने की जानकारी दी। साथ ही सुरक्षित स्थान पर जाने, दूसरों की मदद करने तथा आपात स्थिति में बचाव के जरूरी उपायों के बारे में बताया।
एसएसबी के अधिकारियों ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र में रहने वाले लोगों, विशेषकर बच्चों को आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए जागरूक करना जरूरी है। समय रहते सही जानकारी और सावधानी अपनाकर कई तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि एसएसबी की ओर से सीमावर्ती क्षेत्रों में समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि विद्यार्थियों, अभिभावकों और ग्रामीणों को सुरक्षा एवं बचाव के प्रति सजग बनाया जा सके। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों ने भी राहत एवं बचाव दल से विभिन्न जानकारियां प्राप्त कीं।