मुरलीधर झा/दिघलबैंक
मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के तहत शनिवार को प्राथमिक विद्यालय उत्तर कुढ़ेली में सुरक्षित शनिवार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय के बच्चों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों और रेल सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने ट्रैफिक सिग्नल की ड्राइंग बनाकर लाल, पीली और हरी बत्ती के महत्व को समझाया। उन्हें सड़क पार करते समय जेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करने, दोपहिया वाहन पर हेलमेट पहनने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने तथा यातायात संकेतों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।
बच्चों को रेल सुरक्षा के प्रति भी सजग किया गया। उन्हें रेलवे ट्रैक पर नहीं चलने, पटरी पर खेल नहीं खेलने तथा रेलवे लाइन पार करने के लिए निर्धारित क्रॉसिंग का ही इस्तेमाल करने की जानकारी दी गई। इस दौरान बच्चों ने सड़क एवं रेल दुर्घटनाओं से बचाव को लेकर आयोजित मॉक ड्रिल में भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रधान शिक्षक विक्रम मिश्रा ने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। सुरक्षित शनिवार जैसी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता के साथ-साथ जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होती है।
कार्यक्रम में शिक्षक नरेश कुमार सिंह एवं सुनील कुमार गणेश सहित विद्यालय के बच्चे मौजूद रहे।