पटना:बिहार के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने 783 तकनीकी कर्मियों की पदस्थापना की है। बिहार तकनीकी सेवा आयोग (BTSC) की अनुशंसा के आधार पर 683 ओटी असिस्टेंट और 100 ईसीजी टेक्निशियन को विभिन्न सरकारी अस्पतालों में नियुक्ति दी गई है।
पदस्थापित 683 ओटी असिस्टेंट में 124 महिला और 559 पुरुष अभ्यर्थी शामिल हैं। वहीं, 100 ईसीजी टेक्निशियन में 42 महिला और 58 पुरुष अभ्यर्थियों की पदस्थापना हुई है। इन कर्मियों को पीएमसीएच, एएनएमएमसीएच, डीएमसीएच, जेएलएनएमसीएच समेत राज्य के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में तैनात किया गया है।
नई पदस्थापना से सरकारी अस्पतालों में लंबे समय से महसूस की जा रही ओटी असिस्टेंट और ईसीजी टेक्निशियन की कमी दूर होने की उम्मीद है। इससे ऑपरेशन थिएटर की सेवाओं के साथ-साथ ईसीजी जांच व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
कर्मियों की पदस्थापना NIC के सॉफ्टवेयर के माध्यम से रैंडमाइजेशन प्रक्रिया अपनाकर की गई है। वहीं, दिव्यांग अभ्यर्थियों को यथासंभव उनके गृह जिले में पदस्थापित करने का प्रयास किया गया है।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने नवपदस्थापित तकनीकी कर्मियों को बधाई देते हुए उनसे पूरी जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ मरीजों की सेवा करने की अपेक्षा जताई। सरकार का मानना है कि इन नियुक्तियों से राज्य के सरकारी अस्पतालों में सर्जरी और जांच सेवाओं की गुणवत्ता में और सुधार आएगा।