राज कुमार किशनगंज/पोठिया:
थाना क्षेत्र के हेकलबाड़ी गांव में मारपीट के बाद इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी के दो नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हेकलबाड़ी निवासी करुणा देवी और अर्जुन सिंह के रूप में हुई है। दोनों को पोठिया थाना कांड संख्या 324/26 में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
मामले को लेकर मृतक संतोष सिंह की पत्नी चुन्नी देवी ने पोठिया थाने में लिखित आवेदन देकर हत्या के आरोप में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की थी। आवेदन के अनुसार, संतोष सिंह अपनी दूसरी पत्नी करुणा देवी के साथ हेकलबाड़ी स्थित घर में रह रहे थे। आरोप है कि 9 सितंबर की सुबह रुपये लेने पहुंचे संतोष सिंह के साथ करुणा देवी समेत अन्य लोगों ने मारपीट की। घटना में संतोष सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
आवेदन में बताया गया है कि मारपीट के बाद संतोष सिंह के पुत्र सुमित सिंह ने फोन कर परिवार को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और घायल संतोष सिंह को इलाज के लिए स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए। स्थिति बिगड़ने पर उन्हें इस्लामपुर के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उनकी स्थिति लगातार खराब होती गई और चिकित्सकों ने अगले दिन उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
घटना के संबंध में पोठिया थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई शुरू की। प्राथमिकी में नामजद अभियुक्त करुणा देवी और अर्जुन सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पोठिया थानाध्यक्ष कैप्टन संजय पांडे ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर दो नामजद अभियुक्तों करुणा देवी और अर्जुन सिंह को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।