कटिहार कोर्ट -आम लोगों को त्वरित एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराने के लिए कल 12 सितंबर को कटिहार व्यवहार न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य आयोजन किया जाएगा। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रणवीर सिंह के कुशल मार्गदर्शन में लोक अदालत की सफलता को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राष्ट्रीय लोक अदालत में मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए बारसोई, रेल सहित कुल 16 बेंचों का गठन किया गया है।
डीएलएसए सचिव कमलेश सिंह देबू ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में बिजली, टेलीफोन, ट्रैफिक चालान सहित विभिन्न सुलहनीय मामलों का आपसी समझौते के आधार पर निष्पादन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अधिक से अधिक मामलों के निपटारे और आम लोगों को इसका लाभ दिलाने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। लोक अदालत के माध्यम से पक्षकारों को निशुल्क और कम समय में विवादों का आसानी पूर्वक समाधान प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।