कटिहार -नगर निगम कटिहार की ओर से शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर एवं प्रभावी बनाए रखने को लेकर लगातार निरीक्षण एवं निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में नगर आयुक्त संतोष कुमार एवं स्वच्छता पदाधिकारी द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों में साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया तथा सड़क, गली-मोहल्लों एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता व्यवस्था को देखा।
इस दौरान जहां कहीं भी सफाई व्यवस्था में कमी पाई गई, वहां संबंधित कर्मियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।नगर आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं सफाई कर्मियों को नियमित रूप से सफाई कार्य करने, कूड़े का उठाव समय पर सुनिश्चित करने तथा सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी नहीं फैलने देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकता है। स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में नियमित निगरानी रखने तथा आम नागरिकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया गया।