न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

गया में 14-15 सितंबर को लगेगा ‘इन्फ्रा बिल्ट एक्सपो-2026’, भवन निर्माण की नई तकनीक और सामग्री से रूबरू होंगे लोग

गया/मनोज कुमार

गया में भवन निर्माण और इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र को नई दिशा देने के उद्देश्य से ‘इन्फ्रा बिल्ट एक्सपो-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। दो दिवसीय यह एक्सपो 14 और 15 सितंबर को गया के होटल घराना ट्री में आयोजित होगा। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा करेंगे, जबकि समापन गया डीएम शशांक शुभंकर करेंगे। आयोजन Architects & Engineers Association, गया जी की ओर से किया जा रहा है।

एक्सपो में भवन निर्माण सामग्री की प्रदर्शनी, तकनीकी प्रस्तुतियां, टेक्निकल सेमिनार, विशेष संवाद सत्र और विभिन्न कंपनियों के प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे। इसका उद्देश्य आर्किटेक्ट्स, इंजीनियर्स, बिल्डर्स और निर्माण क्षेत्र से जुड़े अन्य पेशेवरों को भवन निर्माण सामग्री एवं तकनीक से जुड़ी कंपनियों के साथ एक साझा मंच उपलब्ध कराना है।

एक्सपो में एसडी, एचडी, लायन कैपिटल स्टील, एसीसी सीमेंट, अल्ट्राटेक सीमेंट, ग्रीनप्लाई, कोलर, फिलिप्स सहित भवन निर्माण क्षेत्र से जुड़ी कई प्रमुख कंपनियां भाग ले रही हैं। कंपनियां अपने उत्पादों के साथ नई तकनीकों और उनके उपयोग की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाएंगी।

आयोजकों के मुताबिक, तकनीकी सेमिनार और संवाद सत्रों के जरिए बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक निर्माण को लेकर विशेषज्ञों के साथ चर्चा की जाएगी। वहीं, आम लोगों को भी यह जानकारी देने का प्रयास किया जाएगा कि घर या भवन निर्माण में बेहतर गुणवत्ता वाली सामग्री, आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञों की सलाह का किस तरह प्रभावी इस्तेमाल किया जा सकता है।

गया को आधुनिक और सुव्यवस्थित शहर बनाने की सोच

Architects & Engineers Association की सोच सिर्फ भवन निर्माण तक सीमित नहीं है। संगठन गया शहर के भविष्य को लेकर भी व्यापक स्तर पर काम करना चाहता है। संगठन का उद्देश्य है कि गया की पहचान केवल ऐतिहासिक और धार्मिक शहर के रूप में ही नहीं, बल्कि सुंदर, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आधुनिक विकसित शहर के रूप में भी बने।

संगठन का मानना है कि गया की संस्कृति, परंपरा और आध्यात्मिक पहचान के साथ शहर का आधुनिक विकास भी देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को दिखाई देना चाहिए। गया आने वाले लोग यहां की ज्ञान और तप की भूमि की पहचान के साथ-साथ शहर के आधुनिक विकास और बदलती तस्वीर को भी अपने साथ लेकर जाएं।

शहरी विकास परियोजनाओं में विशेषज्ञता के बेहतर इस्तेमाल पर जोर

संगठन के मुताबिक, सरकार की ओर से संचालित शहरी विकास परियोजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में आर्किटेक्ट्स और इंजीनियर्स की विशेषज्ञता एवं अनुभव का प्रभावी उपयोग किया जा सकता है। संगठन के सदस्य शहर के विकास, बेहतर प्लानिंग, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और सुरक्षित निर्माण में अपनी भूमिका को और मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहते हैं।

आयोजन की तैयारियों में संगठन के अध्यक्ष बिनय कुमार सिन्हा के साथ सदस्य मनीष कुमार, प्रशांत सिन्हा, विजय कुमार सिन्हा, सुनील कुमार शर्मा, रजनीश सिन्हा, मोहम्मद सरफराज, सुधीर कुमार सिन्हा, संतोष कुमार सिन्हा और वसीम रजा सहित अन्य सदस्य जुटे हुए हैं।

आयोजकों का कहना है कि इन्फ्रा बिल्ट एक्सपो-2026 केवल भवन निर्माण सामग्री की प्रदर्शनी नहीं, बल्कि गया में आधुनिक, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण निर्माण की दिशा में संवाद और सहयोग का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।

Share this news

Leave a Comment