अररिया/अरुण कुमार
आईआरसीटीसी होटल आवंटन से जुड़े लारा प्रोजेक्ट्स मनी लॉन्ड्रिंग मामले में लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव समेत आरोपियों पर पीएमएलए के तहत आरोप तय होने के बाद बिहार की सियासत गरमा गई है। अररिया में भाजपा की ओर से आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने लालू परिवार पर जोरदार हमला बोला।
संजय सरावगी ने कहा कि कोर्ट द्वारा आरोप तय किए जाने के बाद अब भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की सच्चाई सामने आने लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि लालू परिवार का पूरा कुनबा भ्रष्टाचार में लिप्त रहा है और यह बात विभिन्न मामलों में दिखाई देती है।
उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि पूरे परिवार का एक ही उद्देश्य रहा—भ्रष्टाचार करो, रुपया कमाओ और जमीन लिखवाओ। सरावगी ने दावा किया कि लालू परिवार से जुड़े अलग-अलग मामलों में इसी तरह की तस्वीर सामने आती रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पशुपालन घोटाले के मामले में सजा के बाद लालू प्रसाद यादव जेल से बाहर आए और अब आईआरसीटीसी से जुड़े मामले में भी आरोप तय हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि अदालत की प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की परतें लगातार खुल रही हैं।
सरावगी के इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में लालू परिवार और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप और तेज होने के आसार हैं।