जीआरपी पहचान के प्रयास में जुटी
कुरसेला /कटिहार – कटिहार-बरौनी रेलखंड के कुरसेला स्टेशन स्थित पानी टंकी के समीप शुक्रवार को रेल ट्रैक के पास पानी भरे गड्ढे में एक अज्ञात पुरुष का शव बरामद किया गया है। शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पानी में पीठ के बल शव तैरता देख आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। हालांकि काफी प्रयास के बाद भी शव की पहचान नहीं हो सकी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि शव एक दो दिन पुराना लगता है, जो पानी में फूल कर तैरने लगा। स्टेशन अधीक्षक पंकज कुमार जायसवाल ने बताया कि शुक्रवार को पानी टंकी के समीप पानी में शव होने की सूचना मिली। इसके बाद जीआरपी थाना नवगछिया को इसकी जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही रेल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकालकर कब्जे में लिया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल ले गई। रेल पुलिस शव की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पहचान के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।