बारसोई /कटिहार – अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय कुमार के बारसोई से स्थानांतरण पर विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों जनप्रतिनिधियों तथा गणमान्य लोगों ने शामिल होकर उन्हें भावभीनी विदाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।समारोह को संबोधित करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी राजू कुमार ने कहा कि अजय कुमार के साथ कार्य करने का अनुभव अच्छा रहा।
उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन किया और पुलिस प्रशासन तथा आम लोगों के बीच बेहतर समन्वय बनाने का प्रयास किया। उनके स्थानांतरण से निश्चित रूप से कमी महसूस होगी। उन्होंने अजय कुमार को नई जिम्मेदारी और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय कुमार ने विदाई समारोह में उपस्थित सभी अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, जनप्रतिनिधियों एवं आम लोगों के प्रति आभार जताया।
उन्होंने कहा कि बारसोई में कार्य करने के दौरान सभी का सहयोग और स्नेह मिला। प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ-साथ आम लोगों के सहयोग से कार्य करना आसान रहा। उन्होंने कहा कि बारसोई में बिताया गया कार्यकाल हमेशा याद रहेगा और यहां के लोगों से मिला प्यार एवं सम्मान उनके लिए विशेष रहेगा।
समारोह में अवर निबंधन पदाधिकारी कृष्णमोहन जायसवाल,डीसीएलआर मंकेश्वर कुमार, अंचलाधिकारी श्याम सुंदर साह, यातायात पुलिस उपाधीक्षक सद्दाम हुसैन , पुलिस निरीक्षक बारसोई शिवशंकर प्रसाद , पुलिस निरीक्षक सदर हरेन्द्र कुमार , रीडर इंद्रजीत कुमार सहित विभिन्न थानों के थाना अध्यक्ष एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
बारसोई थाना अध्यक्ष उमेश कुमार, आबादपुर थाना अध्यक्ष मोहम्मद शादाब, सुधानी थाना अध्यक्ष निशाकांत कुमार, कचना थाना अध्यक्ष आनंद कुमार, सालमारी थाना अध्यक्ष जुली कुमारी, एसआई रंजन कुमार, शंकर राय, फूलेन राय एवं भरत राय सहित जदयू के सुदीप सहा एव अन्य पुलिस पदाधिकारी भी समारोह में शामिल हुए। इसके अलावा जदयू नेता सुदीप साह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोगों ने समारोह में शिरकत की। इस दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय कुमार को सम्मानित भी किया गया। विदाई के दौरान माहौल भावुक हो गया और उपस्थित लोगों ने उनके सुखद एवं सफल भविष्य की कामना की।