विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ
किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड अंतर्गत हवाकोल पंचायत स्थित खुरखुरिया रेतुआ नदी घाट पर चचरी पुल शुरू होने से स्थानीय लोगों में खुशी है। सोमवार से इस पुल पर आवागमन शुरू हो गया है। इससे नदी के दोनों ओर रहने वाले लोगों को प्रखंड मुख्यालय, जिला मुख्यालय और हाट-बाजार आने-जाने में काफी सहूलियत मिलेगी। अब लोगों को घंटों का सफर तय करने के बजाय कम समय में अपनी मंजिल तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
घाट संचालक चमन लाल मंडल एवं जदयू पंचायत अध्यक्ष कृष्ण प्रसाद मंडल ने बताया कि खुरखुरिया रेतुआ नदी घाट पर चचरी पुल चालू होने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। खासकर स्कूली छात्र-छात्राओं को नियमित रूप से विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी। इसके साथ ही किसानों, मजदूरों, व्यापारियों और अन्य ग्रामीणों को भी दैनिक आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि रेतुआ नदी के कारण स्थानीय लोगों को लंबे समय से आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। चचरी पुल शुरू होने से लोगों का समय बचेगा और हाट-बाजार सहित जरूरी कार्यों के लिए आने-जाने में आसानी होगी।
हालांकि, स्थानीय लोगों की मांग है कि खुरखुरिया रेतुआ नदी घाट पर स्थायी उच्चस्तरीय पुल का निर्माण कराया जाए, ताकि बरसात के दिनों में भी सुरक्षित और निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सके। चचरी पुल से फिलहाल लोगों को राहत मिली है, लेकिन स्थायी पुल का निर्माण आज भी क्षेत्र की प्रमुख जरूरत बनी हुई है।