संवाददाता/किशनगंज
किशनगंज पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 51.43 ग्राम ब्राउन शुगर (हेरोइन) के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। बरामद मादक पदार्थ का अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य करीब 10 लाख रुपये आंका गया है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।गुप्त सूचना के आधार पर बहादुरगंज थाना क्षेत्र के अली हुसैन चौक, अफसाना रोड पर छापेमारी की गई। इस दौरान राजा खान उर्फ नियाज खान को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी बहादुरगंज थाना क्षेत्र के अली हुसैन चौक, अफसाना रोड, वार्ड संख्या-08 का निवासी है। तलाशी के दौरान उसके पास से 51.43 ग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पुलिस द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया गया कि, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के दौरान मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री में शामिल अन्य आरोपियों के संबंध में भी जानकारी मिली है। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई में जुटी है। मामले में बहादुरगंज थाना कांड संख्या 671/26, दिनांक 18 अक्टूबर 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी)/21(बी) में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 खुसरो शिराज के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम और बहादुरगंज थाना की टीम शामिल रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
किशनगंज पुलिस ने आम नागरिकों से मादक पदार्थों की तस्करी या बिक्री से संबंधित सूचना देने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। इसके लिए पुलिस के एनसीटीएफ हेल्पलाइन नंबर 9031816150 पर सूचना दी जा सकती है।