एसटीएफ-पुलिस की संयुक्त छापेमारी में देसी कट्टा, दो कारतूस और 11.5 लीटर विदेशी शराब बरामद
बरारी/कटिहार – प्रखंड क्षेत्र के उचला गांव में शुक्रवार को बरारी पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सुमन कुमार महतो (28) के घर से देशी कट्टा व दो जिंदा कारतूस, जबकि उसके भाई पवन कुमार महतो (26) के घर से 11.5 लीटर विदेशी शराब जब्त की। डीएसपी सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि बरारी थानाध्यक्ष सुमेश कुमार और एसटीएफ इंस्पेक्टर भागवत पासवान को सूचना मिली थी कि उचला गांव में एक व्यक्ति हथियार लेकर आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में है।
सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति भागने लगा। जिसे खदेड़कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान उचला निवासी सुमन कुमार महतो के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके घर से हथियार और कारतूस बरामद हुए।इसके बाद टीम ने उसके भाई पवन कुमार महतो के घर पर भी छापेमारी की। वहां से विदेशी शराब बरामद की गई।
डीएसपी के अनुसार दोनों भाइयों का आपराधिक इतिहास रहा है। सुमन के खिलाफ बरारी थाने में मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। वहीं पवन के विरुद्ध आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामले दर्ज हैं।
एसपी परिचय कुमार के निर्देश पर हुई कार्रवाई में एसआई राजनेता कुमार, कौशल कुमार,अमित कुमार, शिवम चौधरी सहित पुलिस बल शामिल थे। दोनों आरोपितों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।