जीविका दीदियों को मिलेगा एक बेहतर मंच, महिला सशक्तीकरण एवं आत्मनिर्भरता को मिलेगी नई मजबूती।
सोनभद्र संवाददाता/टेढ़ागाछ (किशनगंज)
टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय परिसर में नवनिर्मित जीविका भवन का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आयोजित उद्घाटन समारोह में अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर तथा फीता काटकर नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों से बड़ी संख्या में पहुंचीं जीविका दीदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह भवन ग्रामीण विकास विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत संचालित जीविका से जुड़ी महिलाओं के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित किया गया है।
भवन में ‘दीदी अधिकार केंद्र’ एवं ‘विश्वास जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड, हाटगांव, टेढ़ागाछ, किशनगंज’ से संबंधित गतिविधियों के संचालन में सुविधा मिलेगी।
नवनिर्मित भवन के शुरू होने से जीविका समूहों से जुड़ी महिलाओं को अपनी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं विभिन्न गतिविधियों के संचालन के लिए एक व्यवस्थित स्थान उपलब्ध होगा। साथ ही महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी, सामूहिक गतिविधियों, प्रशिक्षण, बैठक एवं स्वरोजगार से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने में सहूलियत होगी।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि जीविका ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को संगठित कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं बचत, रोजगार और स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं।
ऐसे में प्रखंड मुख्यालय में जीविका भवन का शुभारंभ महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक सराहनीय पहल है।इस भवन के शुरू होने से टेढ़ागाछ प्रखंड की विभिन्न पंचायतों की जीविका दीदियों को अपने कार्यों के संचालन के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी तथा महिला विकास से जुड़ी गतिविधियों को और गति मिलने की उम्मीद है।