संवाददाता/किशनगंज
जिला पदाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रही विद्युत योजनाओं, नए विद्युत उपकेंद्रों के निर्माण, बिजली तारों के विस्तार, स्मार्ट मीटर लगाने तथा सौर ऊर्जा योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिले में विभिन्न योजनाओं के तहत कुल 10 नए विद्युत उपकेंद्रों का निर्माण कराया जा रहा है। इनमें चार केंद्र केंद्र सरकार की योजना तथा छह राज्य सरकार की योजना से बनाए जा रहे हैं। डीएम ने सभी निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक में बताया गया कि जिले में 33 हजार वोल्ट की कुल 83.9 किलोमीटर विद्युत लाइन के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण का लक्ष्य है। इसमें 49.5 किलोमीटर कार्य पूरा हो चुका है, जबकि 34.4 किलोमीटर कार्य शेष है। डीएम ने लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने को कहा।
स्मार्ट मीटर लगाने के लिए निर्धारित 3,58,894 के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 1,01,861 मीटर लगाए जा चुके हैं। इसमें किशनगंज विद्युत प्रमंडल में 48,428 और बहादुरगंज प्रमंडल में 53,433 मीटर शामिल हैं। डीएम ने मीटर लगाने के कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री कृषि विद्युत संबंध योजना के तहत जिले में प्राप्त 17,508 आवेदनों में से 14,928 लाभुकों को बिजली कनेक्शन दिया जा चुका है। शेष 2,580 आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।
वहीं, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 35 पंचायतों में कुटीर ज्योति श्रेणी के 6,134 घरों में सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने का लक्ष्य है। अब तक 880 घरों में संयंत्र लगाए गए हैं, जबकि 5,254 घरों में काम बाकी है। सामान्य श्रेणी में प्राप्त 2,755 आवेदनों में से 198 घरों में संयंत्र लगाए गए हैं।
डीएम ने सभी कनीय एवं सहायक विद्युत अभियंताओं को प्रतिदिन कम से कम 10 नए आवेदन प्राप्त करने और एक घर में सौर ऊर्जा संयंत्र लगाना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट सौंपने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि विद्युत विभाग की योजनाओं में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कार्य निर्धारित समय पर पूरे किए जाएं, ताकि आम लोगों और किसानों को निर्बाध बिजली सुविधा मिल सके। बैठक में ऊर्जा विभाग के अधिकारी, अभियंता एवं कार्यकारी एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद थे।