शादी से इनकार पर रची हत्या की साजिश, मोबाइल फोन से मिलने के बहाने बुलाकर दिया वारदात को अंजाम; पश्चिम बंगाल सीमा से आरोपी गिरफ्तार
किशनगंज/प्रतिनिधि
पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र में 23 वर्षीय गर्भवती युवती की हत्या मामले का किशनगंज पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में युवती का मंगेतर ही कातिल निकला। पुलिस ने विशेष टीम गठित कर मुख्य आरोपी वासिद आलम (24) को पश्चिम बंगाल के रतनपुर गांव से गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया कुदाल भी बरामद किया गया है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी खुसरो शिराज ने पत्रकार वार्ता कर बताया कि 14 नवंबर की सुबह करीब चार बजे काला सिंधिया गांव निवासी चमन अली की 23 वर्षीय पुत्री नमाज पढ़ने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी खोजबीन की, मगर उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद युवती के पिता ने पहाड़कट्टा थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कांड संख्या 297/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। 15 नवंबर को पुलिस ने गांव के एक खेत से युवती का शव बरामद किया। घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल टीम की मदद से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए। तकनीकी जांच और पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि युवती को उसका मंगेतर वासिद आलम मोबाइल फोन से बुलाकर ले गया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी और युवती के बीच करीब एक वर्ष से दोस्ती थी। युवती छह माह की गर्भवती थी। परिजनों और पंचायत के दबाव में आरोपी शादी के लिए तैयार तो हो गया था, लेकिन वह और उसके परिवार के सदस्य इस शादी के पक्ष में नहीं थे। इसी बीच आरोपी ने शादी से तीन दिन पहले हत्या की साजिश रच डाली।
पुलिस के मुताबिक, 11 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे आरोपी ने युवती को मोबाइल फोन से मिलने के बहाने बुलाया। इसके बाद उसे आंगनबाड़ी केंद्र के पास ले जाकर गला घोंटकर हत्या कर दी। बाद में अपने भाई और पिता के साथ मिलकर शव को पास के खेत में ले गया और कुदाल से गड्ढा खोदकर दफना दिया।
17 नवंबर को पुलिस ने तकनीकी और मानवीय आसूचना के आधार पर मुख्य आरोपी वासिद आलम को पश्चिम बंगाल के रतनपुर गांव से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घर के पीछे बांस बिट्टा के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया कुदाल भी बरामद किया गया। पुलिस मामले में अन्य आरोपितों की भूमिका की जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल पुलिस निरीक्षक, पहाड़कट्टा थानाध्यक्ष, जिला आसूचना इकाई एवं थाना के पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों की अहम भूमिका रही। किशनगंज पुलिस ने बताया कि मामले में वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।