कटिहार – आगामी त्योहारों के मद्देनजर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने और बेहतर यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक किरेन्द्र नरह ने कटिहार रेलवे स्टेशन का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, प्रतीक्षालय, सुरक्षा व्यवस्था सहित विभिन्न यात्री सुविधाओं का जायजा लिया।
विशेष रूप से नव-निर्मित होल्डिंग एरिया का निरीक्षण कर यात्रियों के सुगम आवागमन एवं भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम किरेंद्र नरह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहारी सीजन में यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। स्टेशन पर स्वच्छता, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
उन्होंने कहा कि भीड़ प्रबंधन और यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराएं।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनूप कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर समन्वय प्रभात रंजन सिंह, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त संदीप कुमार पीएस, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक आसिफ अली सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे ।