मुख्य पार्षद लाखो यादव के आवास पर कई दिनों तक चला वितरण कार्यक्रम
मनिहारी/कटिहार-लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर मनिहारी नगर पंचायत के मुख्य पार्षद राजेश कुमार उर्फ लाखो यादव की ओर से जरूरतमंद छठ व्रतियों के बीच साड़ी और पूजा सामग्री का वितरण किया गया। नगर पंचायत क्षेत्र के सभी वार्डों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों की महिलाओं को भी इस पहल का लाभ मिला। अब तक करीब पांच हजार साड़ियों का वितरण किया जा चुका है।
साथ ही व्रतियों को नारियल, फल, अगरबत्ती और छठ पूजा में उपयोग होने वाली अन्य सामग्री भी दी गई। कद्दू-भात के दिन नगर के मलिक पोखर स्थित मुख्य पार्षद लाखो यादव के निजी आवास पर वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उनके आवास पर सुबह से ही पूजा सामग्री लेने के लिए महिलाओं की भीड़ जुटी रही। वितरण का यह सिलसिला पिछले कई दिनों से जारी था।
इस मौके पर पूजा सामग्री लेने पहुंचीं महिला निर्णय देवी ने कहा कि मनिहारी नगर के मुख्य पार्षद गरीबों और जरूरतमंदों के लिए मसीहा के समान हैं। प्रत्येक वर्ष छठ पूजा के अवसर पर वे जरूरतमंद महिलाओं को साड़ी और पूजा सामग्री उपलब्ध कराते हैं। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को काफी राहत मिलती है।
वहीं नगर पंचायत की पूर्व मुख्य पार्षद प्रेमलता देवी ने भी इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्य पार्षद लाखो यादव हमेशा जरूरतमंद लोगों के साथ खड़े रहते हैं। बाढ़ हो या अन्य कोई परेशानी, वे लोगों की मदद के लिए आगे आते हैं। छठ जैसे महापर्व पर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं को पूजा सामग्री और वस्त्र उपलब्ध कराना सराहनीय कार्य है।
उन्होंने कहा कि इस बार नगर क्षेत्र के अलावा ग्रामीण इलाकों की छठ व्रती महिलाओं को भी सामग्री उपलब्ध कराई गई है। इस वर्ष करीब पांच हजार साड़ियां मंगाई गई थीं, जिनका वितरण जरूरतमंद महिलाओं के बीच कर दिया गया है। सुनील यादव ने मनिहारी नगर, आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और पूरे कटिहार जिले के छठ व्रतियों को महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए भगवान भास्कर से सभी के परिवार में सुख,शांति और समृद्धि की कामना की। इस मौके पर अन्य वार्ड पार्षद भी मौजूद रहे ।