शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के लिए डीएम ने दिए निर्देश
कटिहार – समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय कृषि टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने की। बैठक में कृषि विभाग एवं कृषि से संबद्ध अन्य विभागों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, कटिहार राजीव कुमार द्वारा पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की अद्यतन प्रगति, निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध उपलब्धि, बीज वितरण, उर्वरक वितरण, कृषि उत्पादन, किसान हितकारी योजनाओं तथा जिले में कृषि के क्षेत्र में की जा रही नवाचार संबंधी पहलों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई।
इस दौरान खरीफ विपणन मौसम 2026-27 के अंतर्गत धान अधिप्राप्ति, पंचायतवार धान की अनुमानित उपज का आंकड़ा तैयार करने का निर्देश दिया गया। पंचायत स्तर पर पदस्थापित किसान सलाहकारों के माध्यम से धान अधिप्राप्ति के लिए योग्य किसानों का चयन एवं निबंधन कार्य सुनिश्चित कराने को कहा गया।किसानों को धान अधिप्राप्ति की प्रक्रिया एवं निबंधन के संबंध में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
धान अधिप्राप्ति कार्य को पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने का निर्देश दिया गया। जिला कृषि पदाधिकारी ने जिले में उर्वरक प्रतिष्ठानों के विरुद्ध की गई कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि अब तक अनियमितता के मामलों में 08 प्रतिष्ठानों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।09 उर्वरक प्रतिष्ठानों के अनुज्ञप्ति पत्र निलंबित किए गए हैं।02 उर्वरक प्रतिष्ठानों के अनुज्ञप्ति पत्र रद्द किए गए हैं।
सभी संबंधित पदाधिकारियों को नियमित रूप से उर्वरक दुकानों का निरीक्षण, भंडार सत्यापन एवं बिक्री दर की जांच करने तथा अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, किसानों को निर्धारित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराने एवं उनकी शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।