कटिहार – बिहार सरकार के निर्देश पर इस वर्ष लोक आस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से जिले की सीमा पर बाहर से आने वालों के स्वागत की तैयारी की जा रही है। चेकपोस्ट को भव्य रूप से सजाया गया है। रंग-बिरंगी एवं झिलमिलाती बल्बों की रोशनी से जगमगाता पूरा चेकपोस्ट और स्वागत द्वार श्रद्धालुओं के स्वागत को तैयार है।
बता दें कि विभिन्न राज्यों से छठ महापर्व पर अपने घरों को लौट रहे यात्रियों एवं श्रद्धालुओं का बिहार की धरती पर गर्मजोशी से स्वागत किया जा रहा है। चेकपोस्ट में प्रवेश करते ही छठी मइया के मधुर एवं भक्तिमय गीतों से पूरा वातावरण छठमय होने लगता है।
वहीं जिले की सीमा पर अपनत्व भाव का स्वागत, रोशनी में जगमगाता प्रवेश द्वार और छठी मइया के गीतों से गूंजता वातावरण सुखद अनुभूति कराने के लिए काफी साबित होने लगा है।