फलका /कटिहार – प्रखंड क्षेत्र में बुधवार को भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक भैया दूज का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।फलका एवं पोठिया बाजार सहित विभिन्न गांवों में बहनों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना कर भाइयों की सुख-समृद्धि और लंबी उम्र की कामना की। इस अवसर पर घरों में उत्सवी माहौल रहा। बहनों ने भाइयों की हथेली पर चावल का घोल लगाकर सिंदूर, सुपारी, मुद्रा एवं कटु के फूल रखे और मंत्रोच्चार के साथ पानी अर्पित किया। इस दौरान गंगा-यमुना की पूजा कर भाई की दीर्घायु की कामना की गई।
इसके बाद भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर आरती उतारी गई तथा मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया गया। भैया दूज को यम द्वितीया भी कहा जाता है।
पोठिया मंदिर के पंडित निर्मल झा ने बताया कि धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन यमराज अपनी बहन यमुना के घर भोजन करने पहुंचे थे।बहन के आतिथ्य से प्रसन्न होकर यमराज ने उसे वरदान दिया था। इसी मान्यता के आधार पर बहनें इस दिन भाइयों की लंबी उम्र और सुखमय जीवन के लिए पूजा करती हैं। त्योहार को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखा गया।