विहिप-बजरंग दल की पहल लाई रंग
बरारी-प्रखंड क्षेत्र के लक्ष्मीपुर पंचायत अंतर्गत बड़ी भैसदीरा के सीज टोला वार्ड-15 में हनुमान मंदिर के समीप रास्ते और धर्मशाला निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद बुधवार को आपसी सहमति से समाप्त हो गया। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने दोनों पक्षों के साथ बैठक कर मामले का समाधान कराया।
कार्यकर्ताओं की पहल पर चंदन कुमार भारती और शंकर रजक ने आपसी सहमति से विवाद खत्म करने का निर्णय लिया।समझौते के तहत चंदन कुमार भारती हनुमान मंदिर के बगल से लोगों के आवागमन के लिए रास्ता छोड़ने पर तैयार हुए। वहीं शंकर रजक ने मंदिर में धार्मिक आयोजन और कीर्तन मंडली के लिए धर्मशाला निर्माण कराने के उद्देश्य से अपने घर के दरवाजे के पास जमीन देने की सहमति जताई।
उनके पुत्र रविंद्र रजक ने भी इस प्रस्ताव पर अपनी सहमति दी। चंदन कुमार भारती ने बताया कि हनुमान मंदिर के समीप कीर्तन मंडली के लिए पहले भवन का निर्माण कराया गया था। अब उस स्थान को खाली कर रास्ता बनाने तथा कीर्तन मंडली के लिए नया भवन शंकर रजक के घर के दरवाजे के पास बनाने पर सहमति बनी है। वहीं शंकर रजक ने कहा कि मंदिर के बगल से आवागमन के लिए रास्ता उपलब्ध कराया जाता है तो मंदिर में होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों और समारोह के लिए वे अपने घर के दरवाजे पर भवन निर्माण हेतु स्वेच्छा से जमीन उपलब्ध कराएंगे।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने दोनों पक्षों को आपसी भाईचारे,धार्मिक आस्था और सामाजिक सौहार्द का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि आपसी सहमति से विवाद का समाधान होने से गांव में सकारात्मक संदेश जाएगा।
इसके बाद दोनों पक्षों ने सहर्ष समझौते को स्वीकार कर लिया।इस मौके पर विश्व हिंदू परिषद के जिला सह संयोजक राजीव भगत, प्रखंड संयोजक प्रमोद मंडल, सह संयोजक पवन चौरसिया, प्रखंड मंत्री प्रवीण रिंकू, सह संयोजक मुकेश चौधरी, सोनू शर्मा, शिवा सिंह, राजीव राय और भाजयुमो मंडल अध्यक्ष अखिलेश कुशवाहा,जदयू नगर उपाध्यक्ष रवि राज सिंह,गौरव सिंह मौजूद रहे।
विवाद समाप्त होने पर स्थानीय लोगों ने विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की पहल की सराहना की। इसके बाद हनुमान मंदिर में सामूहिक आरती की गई और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया।