गलगलिया/मो दिलशाद
भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल के एक जवान ने ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए नेपाली महिला का खोया हुआ पर्स सुरक्षित वापस लौटा दिया। पर्स में 43,500 नेपाली रुपये के अलावा अन्य जरूरी सामान भी मौजूद थे। जवान के इस सराहनीय कार्य की स्थानीय स्तर पर प्रशंसा हो रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, 41वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की सीमा चौकी भातगांव चेकपोस्ट पर तैनात कांस्टेबल शिवकुमार मौर्या को ड्यूटी के दौरान चेकिंग के समय एक लावारिस पर्स मिला। पर्स की जांच करने पर उसमें 43,500 नेपाली रुपये और कुछ खरीदारी के बिल मिले। बिल पर दर्ज मोबाइल नंबर के आधार पर पर्स की मालकिन से संपर्क करने का प्रयास किया गया।
बताया जाता है कि नेपाल के भद्रपुर स्थित वार्ड संख्या-6, भानुचौक निवासी प्रियंका बिष्ट, पत्नी बिपिन कार्की, भारत से नेपाल लौटने के दौरान भातगांव चेकपोस्ट पर अपना पर्स खो बैठी थीं। पर्स मिलने के बाद जवान ने पहले आसपास के रास्तों और बाजार में उसकी मालकिन की तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद खरीदारी के बिल पर दर्ज मोबाइल नंबर के जरिए महिला से संपर्क स्थापित किया गया।
सूचना मिलने पर प्रियंका बिष्ट अपने पति के साथ एसएसबी कैंप पहुंचीं, जहां कांस्टेबल शिवकुमार मौर्या ने पूरी राशि और सामान सहित उनका पर्स सुरक्षित वापस सौंप दिया। खोया हुआ पर्स और उसमें रखी पूरी रकम वापस मिलने पर दंपती ने राहत जताते हुए एसएसबी जवान के प्रति आभार व्यक्त किया।
सीमा पर सुरक्षा और निगरानी की जिम्मेदारी निभाने वाले जवान की इस ईमानदारी ने एक बार फिर मानवता और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया है। उनका यह कार्य भारत और नेपाल के बीच वर्षों पुराने आपसी विश्वास, सद्भाव और भाईचारे के रिश्ते को भी मजबूती प्रदान करता है।