न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

समेली में छठ पूजा की तैयारी तेज,घाटों पर सुरक्षा और रोशनी की व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश

समेली /कटिहार- लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर कटिहार जिले के समेली प्रखंड में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

इस दौरान समेली प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रकाश कुमार, अंचलाधिकारी सीओ प्रिय रंजन कुमार, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी मोहम्मद हाशिम एवं पोठिया थानाध्यक्ष नवीन कुमार सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। निरीक्षण के क्रम में चकला मौलानगर पंचायत के पोखर छठ घाट, डूमर पंचायत के बराड़ी कोसी नदी घाट, सतभैया टोला छठ घाट तथा डूमर पुल स्थित कालू बाबा छठ घाट सहित विभिन्न छठ घाटों का जायजा लिया गया।

अधिकारियों ने घाटों पर साफ-सफाई, रंग-रोगन, पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं नदी एवं गहरे पानी वाले घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने, गोताखोरों की तैनाती, नाव की उपलब्धता तथा बिहार पुलिस के जवानों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

प्रशासन का उद्देश्य है कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को अर्घ्य अर्पित करने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी या असुविधा का सामना नहीं करना पड़े। इसके लिए घाटों पर स्वच्छता, रोशनी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

आस्था, श्रद्धा और पवित्रता के इस महापर्व को लेकर समेली प्रखंड के विभिन्न छठ घाटों पर तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं।प्रशासनिक निरीक्षण से स्पष्ट है कि इस बार छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।

Share this news

Leave a Comment