बरारी /कटिहार – लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर बरारी प्रखंड प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।इसी क्रम में बरारी के बीडीओ धीरेंद्र कुमार धीरज अंचल पदाधिकारी मनीष कुमार एवं थानाध्यक्ष सुमेश कुमार ने काढ़ागोला स्थित गंगा नदी के छठ घाट पहुंचकर घाटों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने छठ पर्व के दौरान व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने छठ घाट पर साफ-सफाई सुरक्षा व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।बीडीओ धीरेंद्र कुमार धीरज ने बताया कि छठ पूजा के दिन व्रती महिलाओं एवं श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े इसके लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने बताया कि छठ घाट पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से घेराबंदी कराई जाएगी तथा घाट की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाएगी।ताकि श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुगम तरीके से भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें।
प्रशासनिक अधिकारियों ने छठ पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियों को समय पर पूरा करने पर जोर दिया। छठ पर्व के मद्देनजर घाटों पर साफ -सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सक्रिय है।