न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

किशनगंज में आग लगने से तीन घर जलकर राख,लाखों का नुकसान

इरफान/पोठिया

प्रखंड के बुधरा पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-5 स्थित ग्राम नयाबाड़ी पौवाखाली गांव में शुक्रवार की दोपहर अचानक लगी भीषण आग से तीन घर जलकर राख हो गए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पीड़ितों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और घर में रखा सारा सामान जल गया। इस घटना से पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे खुले आसमान के नीचे आ गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की दोपहर जब गांव के लोग मस्जिद में जुम्मे की नमाज अदा करने गए थे और महिलाएं अपने-अपने कामों में व्यस्त थी, तभी अचानक एक घर से धुएं का गुबार और आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आस-पास के दो घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में सर्मिला बेगम पति मो शाहिद, खुशबु पति जारू और खालिदा पति शाहनवाज के कच्चे मकान पूरी तरह जल गए।

अग्निकांड इतना भयानक था कि घर के अंदर रखा एक भी सामान सुरक्षित नहीं बचाया जा सका। पीड़ितों ने बताया कि घर में रखा हुआ अनाज, पहनने के कपड़े, खाने-पीने के बर्तन, नकद रुपये और एक साइकिल सहित दैनिक उपयोग की सभी वस्तुएं जलकर खाक हो गई।घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत हिम्मत दिखाई और अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

इसी बीच घटना की सूचना पोठिया थाना को दी गई। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम और पोठिया थाना से फायर ब्रिगेड की वाहन अविलंब मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और आग को आगे फैलने से रोक लिया गया। ईधर अंचल अधिकारी मोहित राज के निर्देश पर राजस्व कर्मचारी मो सज्जाद हुसैन तुरंत घटनास्थल पर पहुँचे।

उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और अग्निपीड़ितों के घरों व जले सामान का निरीक्षण कर क्षति का आकलन किया। राजस्व कर्मचारी मो सज्जाद हुसैन ने कहा कि प्रशासन पीड़ितों के साथ खड़ा है। क्षति का आकलन कर लिया गया है और सरकारी नियमानुसार जो भी उचित आपदा सहायता राशि और राहत सामग्री है, वह शीघ्र ही पीड़ितों को उपलब्ध कराया जायेगा।

Share this news

Leave a Comment