शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने लिया भाग।
विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ
दीपावली एवं छठ पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को टेढ़ागाछ थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष दिलशाद खान ने की। बैठक में प्रखंड क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।इस दौरान पर्व के अवसर पर आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
उपस्थित लोगों से अपील की गई कि सभी लोग मिल-जुलकर दोनों पर्व शांतिपूर्ण माहौल में मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें।
साथ ही पर्व के दौरान आपसी सहयोग और सतर्कता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने भी प्रशासन को पर्व के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में हरसंभव सहयोग करने का भरोसा दिलाया।