बारसोई /कटिहार – बारसोई पुलिस सूचना के आधार पर कारवाई करते हुए बारसोई पुलिस ने थाना क्षेत्र अंतर्गत एक्शल्ला मोड़ से एक शराब तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार कर उसे न्यायिक मजिस्ट्रेट के सुपुर्द कर दिया। इस संबंध में मंगलवार को थानाध्यक्ष उमेश कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि एक युवक के द्वारा पश्चिम बंगाल क्षेत्र से बाईक के माध्यम से शराब की बोतलों की एक खेप को छिपा कर ले जाया जा रहा है।
उक्त गुप्त सुचना पर अमल करते हुए एकशाला मोड़ के समीप एसएच 98 पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गईं। तभी आबादपुर की ओर से बाईक पर सवार हो कर एक युवक आते हुए दिखा। मौके पर पुलिस को देख कर वह बाईक को पीछे मोड़ कर वहां से भागने का प्रयास करने लगा। परन्तु उसका पीछा कर उसे वहीं धर दबोच लिया गया। मौके से उसके पास से एक झोला जिसमें शराब की बोतलें भरी थीं उसे अपने कब्जे में ले लिया गया।
झोला में से कुल 20 बोतल विदेशी शराब बरामद कर ली गई हैं। बरामद शराब रॉयल स्टैग सुपरियर वहींस्की नामक ब्रांड वाली विदेशी शराब है। जिसकी कुल मात्रा 7.5 लीटर है। मौके से उक्त गोरखधंधे में प्रयुक्त बाईक को भी जब्त कर लिया गया है। थानाध्यक्ष ने आगे जानकारी दी कि धरे गये शराब तस्कर की पहचान मुसरेज के रूप में हुई है ।
वह पश्चिम बंगाल स्थित कुशीदा निवासी अलीमुद्दीन का पुत्र बताया जा रहा है।पूछताछ के क्रम में मुसरेज ने यह कबूल किया है कि वह बारसोई थाना क्षेत्र स्थित जलकुमर निवासी अमित कुमार को शराब लाकर दिया करता है। अमित कुमार प्रति खेप 1500 रूपये का भुगतान करता है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पकडाये गए युवक मुसरेज के इक़बालिया बयान के आधार पर अमित कुमार के विरुद्ध शराब के अवैध कारोबार का मामला दर्ज कर लिया गया है। जब्त बाईक भी अमित कुमार की ही है।