आपात स्थिति में 112 और 1098 पर करें कॉल
पुलिस ने बच्चों को बताए सुरक्षा के गुर
कुरसेला /कटिहार -आपात स्थिति में मदद मांगने और खुद को सुरक्षित रखने के लिए स्कूली बच्चों को जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को पुलिस प्रशासन की ओर से अयोध्या प्रसाद हाई स्कूल, कन्या गर्ल्स स्कूल और कन्या उच्च विद्यालय नवाबगंज में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को आपातकालीन सेवा नंबर 112 और चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी दी। दारोगा प्रीति कुमारी ने ब्लैकबोर्ड पर दोनों नंबर लिखकर बताया कि किसी भी संकट, दुर्घटना या आपात स्थिति में 112 पर कॉल कर पुलिस की मदद ली जा सकती है। वहीं, बच्चों से जुड़ी परेशानी, उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर संपर्क किया जा सकता है।
इस दौरान बच्चों को गुड टच-बैड टच की पहचान, व्यक्तिगत सुरक्षा, सतर्कता और आत्मरक्षा के उपाय भी बताए गए। पुलिस ने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति पर आंख मूंदकर भरोसा नहीं करें और असहज स्थिति या किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल अपने अभिभावक, शिक्षक या पुलिस को दें। थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य बच्चों को जागरूक, सतर्क और सुरक्षित बनाना है। अभियान में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी हासिल की।