पोठिया के गेरामारी से चोरी हुआ था महिंद्रा स्वराज ट्रैक्टर, चिचुवाबाड़ी की बांसझाड़ी में मिला इंजन
इरफान/पोठिया
प्रखंड अंतर्गत छत्तरगाछ पंचायत के गेरामारी निवासी टाइल्स-मार्बल व्यवसायी मुजफ्फर आलम के चोरी हुए महिंद्रा स्वराज ट्रैक्टर का इंजन बुधवार को पुलिस ने चिचुवाबाड़ी से बरामद करने में सफलता हासिल किया है। हालांकि, ट्रैक्टर की ट्रॉली गायब है। पुलिस ट्रॉली की तलाश में जुटी हुई है।मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की शाम मुजफ्फर आलम के चालक ने गेरामारी स्थित मार्बल दुकान के सामने सड़क किनारे महिंद्रा स्वराज ट्रैक्टर खड़ा किया और अपने घर चला गया।
बुधवार सुबह देखा तो ट्रैक्टर ट्रॉली समेत गायब था। वाहन मालिक ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद वाहन मालिक ने छत्तरगाछ पुलिस कैंप में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने कांड संख्या 291/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।मामले की जानकारी मिलते ही छत्तरगाछ कैंप प्रभारी कुंदन कुमार एवं पहाड़कट्टा थानाध्यक्ष फुलेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ कर जांच शुरू की।इसी बीच बुधवार सुबह करीब 10 बजे चिचुवाबाड़ी कैंप प्रभारी बृज किशोर बैजू को सूचना मिली कि कैंप से लगभग 200 मीटर की दूरी पर बांसझाड़ी में एक अज्ञात ट्रैक्टर का इंजन पड़ा हुआ है। सूचना पर डायल 112 की टीम में शामिल एएसआई अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान वहां महिंद्रा स्वराज 742 एक्सटी का इंजन बरामद हुआ, जबकि ट्रॉली गायब थी। पुलिस ने इंजन को जब्त कर चिचुवाबाड़ी कैंप परिसर पहुंचाया।
सूचना मिलने पर छत्तरगाछ कैंप प्रभारी कुंदन कुमार भी पुलिस बल के साथ चिचुवाबाड़ी पहुंचे और वाहन मालिक को पहचान के लिए बुलाया। मुजफ्फर आलम ने इंजन की पहचान अपने चोरी हुए ट्रैक्टर के रूप में की। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस इंजन को छत्तरगाछ कैंप परिसर में सुरक्षित रखकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
वाहन मालिक मुजफ्फर आलम ने बताया कि ट्रैक्टर खरीदे हुए अभी कुछ ही महीने हुए थे और उस पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। उन्होंने पुलिस की तत्परता से इंजन बरामद होने पर पुलिस प्रशासन का आभार जताया है।