सोलर पैनल हर छत पर बचत और सुविधा हर घर को लेकर नुक्कड नाटक
प्रखंड कार्यालय में नौक्कड़ नाटक आयोजित कर बताया गया फायदा
कदवा/कटिहार–प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को जन-जन तक पहुंचाने और लोगों को सौर ऊर्जा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को प्रखंड मुख्यालय परिसर में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान में दिल्ली से पहुंची नुक्कड़ नाटक की टीम ने अपनी प्रस्तुति के जरिए लोगों को योजना के लाभ और सोलर पैनल लगवाने की प्रक्रिया की जानकारी दी।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने आम लोगों को बताया कि घर की छत पर सोलर पैनल लगवा कर बिजली बिल में काफी बचत की जा सकती है। इसके साथ ही स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा। कलाकारों ने सरल और मनोरंजक अंदाज में लोगों को समझाया कि किस प्रकार सौर ऊर्जा का उपयोग कर परिवार बिजली खर्च का बोझ कम कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि सोलर पैनल लगाने की अनुमानित लागत करीब दो लाख रुपये है। इसमें लाभुक को लगभग 90 हजार रुपये तक की सब्सिडी मिलने की जानकारी दी गई। शेष करीब एक लाख दस हजार रुपये का भुगतान बैंक के माध्यम से मासिक किस्तों में किया जा सकता है।अधिकारियों ने लोगों से योजना का लाभ उठाने और अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगवाने के लिए आगे आने की अपील की।
इस जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन विद्युत विभाग के अधिकारियों के नेतृत्व में किया गया। इसमें विद्युत कनीय अभियंता उत्तरी भाग राजनंदन कुमार, कनीय अभियंता दक्षिणी भाग सुकेश कुमार पासवान तथा सहायक विद्युत अभियंता अभय कुमार एवं अभिनाश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री का उद्देश्य देश के अधिक से अधिक घरों तक सौर ऊर्जा की सुविधा पहुंचाना और बिजली पर होने वाले खर्च को कम करना है।
इसी उद्देश्य से ग्रामीण क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न माध्यमों से लोगों को योजना के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवार इस योजना से जुड़ सकें। कार्यक्रम के दौरान शाहनवाज हासमी, राजकुमार, मनीष कुमार, किशोर कुमार,रमेश कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। जागरूकता अभियान को देखने और योजना की जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रखंड मुख्यालय परिसर में सैकड़ों लोगों की भीड़ जुटी रही।नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दी गई जानकारी लेने में लोगों की रुचि देखी गई।