न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

नगर पंचायत की योजनाओं में कथित अनियमितता की जांच करने पहुंची तीन सदस्यीय टीम

कार्यालय में घंटों खंगाले गए अभिलेख, गंगातट पर पहुंचकर योजनाओं का भी लिया जायजा

जांच प्रतिवेदन विभाग को सौंपेगी टीम

मनिहारी /कटिहार – नगर पंचायत क्षेत्र में विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में निर्धारित नियमों की कथित अनदेखी और अनियमितता बरते जाने की शिकायतों की जांच के लिए बुधवार को तीन सदस्यीय विभागीय जांच दल पहुंचा। जांच दल ने नगर पंचायत कार्यालय में घंटों तक विभिन्न योजनाओं से संबंधित अभिलेखों और दस्तावेजों का गहन अवलोकन किया। इस दौरान आवश्यक कागजातों का संग्रह भी किया गया।

इसके बाद जांच दल के सदस्यों ने गंगातट पहुंचकर जांच के दायरे में शामिल योजनाओं के स्थलीय क्रियान्वयन का भी जायजा लिया। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद संवाददाताओं के सवालों पर जांच दल में शामिल एक अधिकारी ने बताया कि पत्रकार विकास कुमार ओझा की ओर से नगर पंचायत क्षेत्र में संचालित कई योजनाओं में निर्धारित नियमों की अनदेखी कर क्रियान्वयन किए जाने तथा कथित अनियमितता बरते जाने की शिकायत की गई है।

विभागीय निर्देश के आलोक में गठित जांच दल ने शिकायतों से संबंधित तथ्यों, अभिलेखों और योजनाओं की स्थिति का अवलोकन एवं आवश्यक दस्तावेजों का संग्रह किया है। जांच के बाद विस्तृत प्रतिवेदन विभागीय अधिकारी को समर्पित किया जाएगा।बताया गया कि जांच के दौरान शिकायतकर्ता विकास कुमार ओझा को भी अपना पक्ष रखने के लिए आमंत्रित किया गया था।

इस क्रम में श्री ओझा उच्च न्यायालय में कार्यरत अधिवक्ता सुमन चौधरी ओझा के साथ जांच दल के समक्ष उपस्थित हुए। इधर नगर पंचायत कार्यालय से लेकर गंगातट और आसपास के क्षेत्रों में जांच दल के पहुंचने की खबर से राजनीतिक सरगर्मी भी तेज रही। जांच के निष्कर्ष और विभाग को सौंपे जाने वाले प्रतिवेदन पर अब लोगों की निगाहें टिकी हैं। हालांकि जांच प्रतिवेदन आने के बाद ही शिकायतों की वास्तविक स्थिति और कथित अनियमितताओं की पुष्टि हो सकेगी।

Share this news

Leave a Comment