दहीभात चांदनी चौक के समीप हुआ हादसा, खेलने के दौरान ट्रेन की चपेट में आया बच्चा; परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से किया इनकार
मुरलीधर झा/दिघलबैंक
दिघलबैंक प्रखंड क्षेत्र के दहीभात चांदनी चौक के समीप बुधवार को ट्रेन की चपेट में आने से एक मासूम बच्चे की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। जिस घर में बच्चे की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अचानक मातम पसर गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चे की पहचान दहीभात चांदनी चौक स्थित वार्ड संख्या 11 निवासी मो. वजीर आलम के पुत्र मो खबीर उम्र 3 वर्ष के रूप में हुई है। बताया जाता है कि बच्चा खेलने के दौरान रेलवे लाइन के समीप पहुंच गया, इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा इतना दुखद था कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घटना को लेकर दुख जताया। मासूम की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, बच्चे की मौत की खबर सुनकर आसपास के लोग भी शोक में डूब गए।
बताया गया कि मृतक बच्चे के परिजनों ने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई कराने से इनकार किया है। हालांकि, घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर रेलवे लाइन के आसपास बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों ने अभिभावकों से बच्चों को रेलवे ट्रैक के आसपास खेलने से रोकने और विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
मासूम की असमय मौत से दहीभात चांदनी चौक सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।