एक ही जगह मिलेगी सरकारी योजनाओं की सुविधा
डीएम आशुतोष द्विवेदी ने शिविर का निरीक्षण कर सुनीं लोगों की समस्याएं
कई आवेदनों का मौके पर हुआ निष्पादन
बरारी /कटिहार – प्रखंड क्षेत्र के सुखासन पंचायत में मंगलवार को प्रशासन की ओर से सहयोग शिविर लगाया गया। इसमें पंचायत के लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सभी विभागों के पदाधिकारी एक जगह मौजूद रहे।
शिविर का शुभारंभ जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी, उप विकास आयुक्त डॉ. नेहा कुमारी, एसडीएम सूरज कुमार और जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर में सभी विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए। इनमें कई आवेदनों का तत्काल निष्पादन भी किया गया।
इस दौरान डीएम आशुतोष द्विवेदी ने शिविर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अलग-अलग विभागों के स्टॉल पर पहुंचकर आवेदन प्राप्त करने और उनके निष्पादन की प्रक्रिया की जानकारी ली। साथ ही आम लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
डीएम ने सुखासन पंचायत के लोगों को जागरूक बताते हुए कहा कि लोग अपनी समस्याओं को धैर्यपूर्वक संबंधित पदाधिकारियों के समक्ष रखें, ताकि उनका नियमानुसार समाधान किया जा सके।शिविर में विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए गए थे। वहीं मेडिकल कैंप में लोगों की स्वास्थ्य जांच कर दवाइयां वितरित की गईं।
डीएम, डीडीसी और अनुमंडल पदाधिकारी सूरज कुमार ने विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों के बीच संबंधित प्रमाण पत्र भी वितरित किए।डीएम ने अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से निष्पादन करें।
किसी भी आवेदक को अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े। मौके पर बीडीओ धीरेंद्र कुमार धीरज, सीओ मनीष कुमार, बीपीआरओ राजकुमार सिंह,स्वास्थ्य प्रबंधक ब्रजेश रंजन, हेल्थ एडुकेटर पारस नाथ झा,पंचायत सचिव, मुखिया प्रतिनिधि मो आलम, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के पदाधिकारी व कर्मी मौजूद रहे।