समेली /कटिहार – कुर्सेला थाना क्षेत्र के मुरादपुर पंचायत स्थित नवाबगंज पूरब टोला में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस और अंचल प्रशासन ने संयुक्त छापेमारी की। इस दौरान वार्ड संख्या 13 स्थित एक घर से 48 किलो गांजा बरामद किया गया। मौके से एक महिला को गिरफ्तार किया गया। जबकि घर के अन्य सदस्य फरार हो गए।जानकारी के अनुसार पुलिस को नवाबगंज पूरब टोला में गांजे की खरीद-बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी।
सूचना के सत्यापन के बाद कुर्सेला थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। समेली अंचलाधिकारी प्रियरंजन कुमार की मौजूदगी में भगत लाल मुनि के घर की तलाशी ली गई। इस दौरान भगत लाल मुनि घर से 48 किलो गांजा बरामद हुआ।
थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि छापेमारी में 48 किलो गांजे के साथ भगत लाल मुनि की पत्नी को गिरफ्तार किया गया है। मामले में अन्य संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के लिए जांच की जा रही है। एनडीपीएस एक्ट के तहत नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।