न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

अवैध हथियार से गोली मारकर बीआरसी कर्मी को किया घायल, आरोपी गिरफ्तार, देसी पिस्टल और दो कारतूस बरामद

एसडीपीओ सुशील कुमार ने पत्रकार वार्ता कर दी घटना की जानकारी, तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने किया कांड का उद्भेदन

अररिया/अरुण कुमार

जोकीहाट थाना क्षेत्र में बीआरसी भवन में कार्यरत कर्मी उमर फारुख को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जोकीहाट थाना क्षेत्र के चकई गांव निवासी मो. महताब आलम के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।

मंगलवार को एसडीपीओ सुशील कुमार ने पत्रकार वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 2 नवंबर को जोकीहाट स्थित बीआरसी भवन में कोऑर्डिनेटर के पद पर कार्यरत उमर फारुख (26) को गोली लगने की सूचना मिली थी। घायल उमर फारुख अररिया थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 12 निवासी अब्दुल रहमान के पुत्र हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए जोकीहाट थाना में कांड संख्या 437/26 दर्ज कर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

गठित टीम ने तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर मामले का उद्भेदन करते हुए आरोपी मो. महताब आलम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

छापेमारी दल में जोकीहाट थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा, पुलिस अवर निरीक्षक रजनीकांत कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक पंकज कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

हालांकि, गोली मारने के पीछे की वजह और घटना के अन्य पहलुओं को लेकर पुलिस अनुसंधान जारी है।

Share this news

Leave a Comment