सदर विधायक ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ
कटिहार – नगर निगम कटिहार की ओर से नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को नगर निगम क्षेत्र के तीन अलग-अलग स्थलों पर सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन वार्ड संख्या 04 स्थित ठाकुरबाड़ी प्रांगण,वार्ड संख्या19 में इमामबाड़ा के निकट तथा वार्ड संख्या 35 स्थित काली मंदिर परिसर में किया गया।
वार्ड संख्या 35 में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर सदर विधायक, उप मेयर एवं नगर आयुक्त ने किया । इस अवसर पर वार्ड संख्या 35 के पार्षद सह सशक्त स्थाई समिति सदस्य प्रमोद महतो, बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सह सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद, उप महापौर मंजूर खान तथा नगर आयुक्त संतोष कुमार उपस्थित रहे। वहींवार्ड संख्या 04 में वार्ड पार्षद श्री साबिर तथा वार्ड संख्या 19 में वार्ड पार्षद सह सशक्त स्थाई समिति सदस्य सलीम अंसारी ने भी दीप प्रज्वलित कर सहयोग शिविर का विधिवत शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में सहायक अभियंता विवेक कुमार, कनीय अभियंता अजय सिंह, स्वच्छता पदाधिकारी राहुल कुमार, नूर अली खान, स्वच्छता प्रभारी कैलाश नारायण चौधरी सहित नगर निगम के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सहयोग शिविर के माध्यम से नागरिकों को नगर निगम से संबंधित विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं एवं आवेदनों के निष्पादन की दिशा में पहल की गई। नगर आयुक्त संतोष कुमार ने बताया कि नगर निगम का उद्देश्य ऐसे शिविरों के माध्यम से नागरिकों को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध कराना,उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना तथा नगर निगम एवं आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।