दो हजार से अधिक खाताधारकों का हुआ केवाईसी
अमदाबाद /कटिहार – सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की अमदाबाद शाखा में खाताधारकों के केवाईसी का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को भी बैंक शाखा में विशेष शिविर लगाकर खाताधारकों का केवाईसी किया गया। अवकाश के दिन भी बड़ी संख्या में ग्राहक बैंक पहुंचे और अपने खातों का केवाईसी कराया।
शाखा प्रबंधक विवेक कुमार सिंह ने बताया कि केवाईसी का यह विशेष अभियान आगामी 3 नवंबर तक चलेगा। जिन खाताधारकों ने अब तक अपने खाते का केवाईसी नहीं कराया है, उन्हें फोन के माध्यम से सूचना देकर बैंक बुलाया जा रहा है। उन्होंने सभी ग्राहकों से निर्धारित अवधि के भीतर बैंक पहुंचकर केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि केवाईसी अद्यतन नहीं रहने पर खाते से राशि भेजने और बाहर से राशि प्राप्त करने में परेशानी हो सकती है।
शाखा प्रबंधक ने विशेष रूप से स्कूली बच्चों के बैंक खातों का केवाईसी कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कई बच्चे विद्यालय में पढ़ाई के दौरान बैंक खाता तो खुलवा लेते हैं, लेकिन केवाईसी पूरा नहीं होने के कारण उनके खाते में पोशाक एवं छात्रवृत्ति की राशि आने में बाधा उत्पन्न होती है। ऐसे में अभिभावकों को अपने बच्चों के बैंक खातों का भी केवाईसी अवश्य करा लेना चाहिए।
उन्होंने बताया कि रविवार को आयोजित विशेष शिविर में दो हजार से अधिक खाताधारकों का केवाईसी किया गया। बैंक प्रबंधन ने सभी ग्राहकों से अपील की है कि अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना जल्द से जल्द केवाईसी की प्रक्रिया पूरी करा लें, ताकि भविष्य में बैंकिंग कार्यों में किसी प्रकार की परेशानी न हो।इस अवसर पर शाखा प्रबंधक विवेक कुमार सिंह, सहायक प्रबंधक तुषार आनंद, क्षेत्रीय कार्यालय कटिहार के मानव संसाधन प्रबंधक अविनाश लाल, प्रधान खजांची पिंटू कुमार सहित सभी बैंकिंग बीसी उपस्थित रहे।