न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

एनएफ रेलवे के नवनियुक्त महाप्रबंधक विवेक खरे का स्वागत,कटिहार पहुंचने पर डीआरएम किरेन्द्र नरह की अगवानी में पदाधिकारियों ने की मुलाकात

कटिहार – पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के नवनियुक्त महाप्रबंधक विवेक खरे के रविवार को कटिहार पहुंचने पर मंडल रेल प्रबंधक किरेन्द्र नरह एवं अन्य वरीय रेल अधिकारियों ने उनका गुलदस्ता भेंट कर भव्य स्वागत किया। उनके आगमन से पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे में रेल विकास,परिचालन की सुरक्षा तथा यात्री सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


नए रेल महाप्रबंधक विवेक खरे भारतीय रेल यांत्रिक अभियंता सेवा आईआरएसएमई के 1989 बैच के वरिष्ठ अधिकारी हैं। उन्होंने 3 मार्च 1991 को भारतीय रेल में अपनी सेवा शुरू की थी। अपने तीन दशक से अधिक के शानदार रेल सेवा कार्यकाल में उन्होंने दक्षिण मध्य रेलवे, विजयवाड़ा एवं सिकंदराबाद मंडल, लालागुड़ा वर्कशॉप, तुगलकाबाद डीजल शेड, राइट्स और आरडीएसओ लखनऊ सहित कई महत्वपूर्ण संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

इसके अलावा उन्होंने रायपुर में अपर मंडल रेल प्रबंधक ,चारबाग वर्कशॉप में वरिष्ठ प्रशासनिक पद तथा मॉडर्न कोच फैक्ट्री रायबरेली में प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। मार्च 2026 में उन्होंने एमसीएफ के महाप्रबंधक का अतिरिक्त प्रभार भी संभाला था।


नवनियुक्त महाप्रबंधक के नेतृत्व में पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे में रेल परिचालन को और अधिक सुरक्षित एवं सुचारू बनाने, ट्रेनों की समयबद्धता में सुधार, यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा माल ढुलाई क्षमता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही नई रेल लाइनों, दोहरीकरण परियोजनाओं, विद्युतीकरण, आधुनिक सिग्नलिंग प्रणाली एवं ‘कवच’ जैसी उन्नत सुरक्षा तकनीक के विस्तार भी उनकी प्राथमिकता रहेगी।

वही नए रेल महाप्रबंधक श्री खरे ने बताया कि कटिहार सहित अलीपुरद्वार, लुमडिंग, रंगिया और तिनसुकिया मंडलों में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति एवं रेल परिचालन की नियमित समीक्षा भी महत्वपूर्ण होगी। कटिहार रेल मंडल में उनके आगमन के दौरान डीआरएम किरेन्द्र नरह ने मंडल में संचालित विभिन्न विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं तथा रेल सुरक्षा से जुड़े प्रयासों की जानकारी साझा किया।

नए जीएम श्री खरे के व्यापक प्रशासनिक अनुभव एवं तकनीकी दक्षता से पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के विकास को नई दिशा और गति मिलेगी। वे रेल में अपने कार्य कुशलता के लिए शुरू से ही काफी लोकप्रिय रहे है। मौके पर डीआरएम किरेंद्र नरह, एडीआरएम मनोज कुमार सिंह,सीनियर डीएनसी प्रभात रंजन सिंह, आरपीएफ कमांडेंट संदीप कुमार पीएस सहित सभी रेल अधिकारी मौजूद रहे ।

Share this news

Leave a Comment