कदवा/कटिहार- थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती को प्रेम विवाह करना भारी पड़ गया।बेटी के प्रेम विवाह करने से नाराज परिजनों ने बेटी का विधिवत श्राद्ध कर्म करके उसके साथ सारे रिश्ते को तोड़ लिया ।जिसको लेकर क्षेत्र में चर्चा का बाजार गर्म है।जानकारी के अनुसार सुजल कुमारी (काल्पनिक नाम) ने बीते 23 अक्टूबर 2026 को पहलागढ़ पंचायत निवासी युवक अजय पासवान के साथ भागकर प्रेम विवाह कर लिया।
बेटी का प्रेम-प्रसंग में अंतरजातीय विवाह कर लेने से परिजन जहां दुखी हुए। वहीं काफी आक्रोशित भी।चूंकि शादी में लड़की की सहमति थी। इसलिए बेबस पिता एवं भाई ने उसके जीवितावस्था में हीं श्राद्ध कर्म और पिंडदान कर सामाजिक रुप से संबंध कर लिया। परिजनों ने बताया कि जब समाज में उनकी प्रतिष्ठा ही नहीं बची तो ऐसी बेटी का जीवित रहना या न रहना और उससे किसी तरह का रिश्ता हीं रखना निरर्थक रह गया है।
हमलोगों ने उसे मृत मान लिया है।घटना अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। एक तरफ जहां कुछ लोग इसे परिवार की सामाजिक मजबूरी मान रहे हैं तो दूसरी ओर इसे आज के आधुनिक युग में भी जातीय भेदभाव की मानसिकता का उदाहरण।
ग्रामीणों का मानना है कि जिस बेटी को लाड़-प्यार से पाल-पोसकर बड़ा किया। उसके इस तरह चले जाने से परिवार काफी दुखी है।चूंकि लड़की और लडका दोनों बालिग हैं और अपनी मर्जी से विवाह किया है।तो इसमें कानूनी अड़चन भी नहीं है।