न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

केटी-15 पर बघार हाल्ट निर्माण की मांग,केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को सौंपा ज्ञापन

50 गांवों के 35 से 40 हजार लोगों को मिलेगी सुविधा
बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में रेल पर निर्भर हैं ग्रामीण

मनिहारी/ कटिहार- जिले के मनिहारी प्रखंड अंतर्गत बघार पंचायत एवं आसपास के करीब 50 गांवों की 35 से 40 हजार की आबादी की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बघार पंचायत के मुखिया पिंटू कुमार यादव ने केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान से बघार हाल्ट निर्माण कराने की मांग की है।

इस संबंध में उन्होंने मंत्री को पत्र भेजकर मनिहारी स्टेशन एवं कांटाकोश हॉल्ट के बीच स्थित केटी-15 पर बघार हाल्ट के निर्माण के लिए संबंधित रेलवे अधिकारियों एवं रेल मंत्रालय के समक्ष आवश्यक पहल करने का अनुरोध किया है।मुखिया ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि बघार पंचायत एवं आसपास के गांव बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में आते हैं। यहां सड़क एवं परिवहन की समुचित सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन के लिए मुख्य रूप से रेल पर निर्भर रहना पड़ता है। मनिहारी स्टेशन एवं कांटाकोश हॉल्ट के बीच स्थित केटी-15 पर लंबे समय से ट्रेनों का ठहराव होता रहा है, लेकिन अब तक यहां विधिवत बघार हाल्ट का निर्माण नहीं हो सका है।


उन्होंने कहा कि हाल्ट के अभाव में विद्यार्थियों, महिलाओं, बुजुर्गों, मरीजों, किसानों एवं दूध व्यवसायियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। खासकर बाढ़ के समय आवागमन की समस्या और गंभीर हो जाती है, जिससे ग्रामीणों की कठिनाइयां बढ़ जाती हैं।

मुखिया ने केंद्रीय मंत्री से क्षेत्र की करीब 35 से 40 हजार की आबादी के जनहित को ध्यान में रखते हुए केटी-15 के आसपास बघार हॉल्ट निर्माण के लिए रेल मंत्रालय एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने तथा उचित पहल करने की मांग की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मंत्री इस जनहितकारी मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेंगे, जिससे क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिल सकेगी।

Share this news

Leave a Comment