आईटीबीपी जवान को कटिहार स्टेशन छोड़ने जा रहा था टोटो
पुलिस ने जब्त किए दोनों वाहन
कोढ़ा/ कटिहार – कोढ़ा थाना क्षेत्र के चरखी के समीप शनिवार को हाइवा और टोटो के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में टोटो सवार दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की तत्परता से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोढ़ा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। उपचार के बाद दोनों घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार कोढ़ा स्थित आईटीबीपी कैंप के एक जवान को कटिहार रेलवे स्टेशन छोड़ने के लिए टोटो से ले जाया जा रहा था। टोटो गेराबाड़ी की ओर से कटिहार जा रहा था। इसी दौरान चरखी के समीप कटिहार की तरफ से आ रहे एक हाइवा ने टोटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के कारण टोटो पर सवार दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
पुलिस ने दोनों वाहन किए जब्त हादसे की सूचना मिलते ही कोढ़ा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाइवा और टोटो को जब्त कर थाना ले आई। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। इस दुर्घटना ने एक बार फिर सड़क पर भारी वाहनों के परिचालन और छोटे सवारी वाहनों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है और घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।