सागर चंद्रा/ किशनगंज
मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची महिला के साथ उसके भाई पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। घटना में सुभाषपल्ली कबीर चौक निवासी पूनम कुमारी पति प्रभु कुमार यादव और दालकोला निवासी ई रिक्शा चालक भाई चंदन घोष गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया और दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के बाद घायल पूनम मामले की शिकायत लेकर थाने पहुंच गई। पूनम के लिखित शिकायत पर टाउन थाने में केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
वहीं पीड़िता ने बताया कि गत बुधवार शाम चंदन घोष ई रिक्शा लेकर जा रहा था। इसी दौरान इमली गोला चौक के समीप अचानक सामने एक महिला आ गई और टोटो से टकराकर गिर गई। मौके पर पहुंचे कुछ लोग चंदन घोष को मारने लगे। उसी वक्त पूनम भी मौके पर पहुंच गई।
जब उसने बीच-बचाव किया और घायल महिला को अस्पताल ले जाने की कोशिश की तो इमली गोला निवासी सोनु कुमार पिता शालीग्राम ने चंदन घोष पर चाकु से हमला कर दिया। पूनम ने जब भाई को बचाने का प्रयास कि तो उस पर भी चाकु से हमला कर दिया गया। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने किसी तरह मामले को शांत कराया और दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया।